विदेश की खबरें | नये सुरक्षा कानून के तहत हांगकांग पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की

हांगकांग, एक जुलाई हांगकांग पुलिस ने चीन की सरकार द्वारा लागू नये राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत पहली गिरफ्तारी की। पुलिस ने हांगकांग की स्वतंत्रता की मांग वाला एक पोस्टर दिखाने के लिए बुधवार को एक प्रदर्शनकारी को गिरफ्तार किया।

ट्विटर पर पुलिस के बयान के मुताबिक, व्यक्ति को गिरफ्तार करने से पहले पुलिस ने शहर के काउजवे बे जिले में प्रदर्शन कर रही भीड़ को कई बार चेतावनी दी थी कि वे कानून का उल्लंघन कर रहे हैं।

यह भी पढ़े | निगार जौहर बनी पाकिस्तान की पहली महिला लेफ्टिनेंट जनरल.

अर्ध स्वायत्त क्षेत्र में पिछले साल हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद चीन द्वारा लागू यह कानून मंगलवार को रात 11 बजे से प्रभावी हुआ।

यह कानून अलगाववादी, विध्वंसक या आतंकवादी गतिविधियों को अवैध बनाने के साथ ही शहर के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को रोकता है।

यह भी पढ़े | पाकिस्तान एयरलाइंस को बड़ा झटका, EASA ने 6 महीने के लिए यूरोप आने वाले विमानों पर लगाया बैन.

इसके अनुसार, शहर की स्वतंत्रता की अपील करने वाले नारे लगाने या पोस्टर और झंडा लहराने जैसी अलगाववादी गतिविधियों में किसी व्यक्ति का हिस्सा लेना, कानून का उल्लंघन है, भले ही इस दौरान हिंसा हुई हो या नहीं।

कानून का सबसे गंभीर अपराधी यानि जिसे अपराध का मुख्य षड्यंत्रकारी माना जाएगा, उसे अधिकतम उम्रकैद की सजा हो सकती है। कम गंभीर अपराध करने वालों को तीन साल तक की सजा मिल सकती है या कम समय के लिए हिरासत में रखा जा सकता है।

हांगकांग की नेता कैरी लैम ने औपनिवेशिक ब्रिटेन से इस अर्द्धस्वायत्त क्षेत्र को सौंपे जाने की वर्षगांठ पर बुधवार को अपने भाषण में इस नये सुरक्षा कानून को लागू किए जाने का पुरजोर समर्थन किया।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)