देश की खबरें | ‘हिंदायन’ साइकिल दौड़ मुंबई पहुंची, 19 फरवरी को पुणे में होगा समापन

मुंबई, 17 फरवरी इस महीने दिल्ली से शुरू हुई बहु चरणीय साइकिल दौड़ ‘हिंदायन’ महाराष्ट्र के ठाणे में पहुंच गई है और रविवार को पुणे में इसका समापन होगा।

जाने माने ‘टूर डी फ्रांस’ की तर्ज पर ‘हिंदायन’ के पहले संस्करण की शुरुआत पांच फरवरी को नयी दिल्ली में राष्ट्रीय समर स्मारक से हुई थी और यह आगरा, जयपुर, उदयपुर, अहमदाबाद और सूरत होते हुए बृहस्पतिवार शाम ठाणे पहुंची।

‘हिंदायन’ के साइकिल चालकों में कुछ भारतीय थलसेना और नौसेना के कर्मी भी हैं। ये साइकिल चालक शनिवार को ठाणे से मुंबई रवाना होंगे और इस दौड़ का समापन 19 फरवरी को पुणे में होगा।

दौड़ के आयोजक विष्णुदास चापके ने बताया कि उन्हें महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) से मुंबई के ऐतिहासिक बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर साइकिल चलाने की अनुमति मिल गई है और ‘हिंदायन’ के साइकिल चालक 18 फरवरी को वहां साइकिल चला सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रतिभागियों को यमुना एक्सप्रेसवे पर साइकिल चलाने की अनुमति दी थी जो आम तौर पर साइकिल चालकों के लिए प्रतिबंधित है।

चापके ने मुंबई एवं आसपास के शहरों के लोगों से ‘हिंदायन’ की ‘जॉय राइड’ में शामिल होने का आह्वान किया, जो मुफ्त है लेकिन इसके लिए पंजीकरण आवश्यक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)