जरुरी जानकारी | हिंद कॉपर को राखा खदान को फिर से खोलने के लिए सरकार की अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद

कोलकाता, दो जुलाई सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई (पीएसयू) हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) को झारखंड में स्थित उसकी बंद पड़ी राखा खदान में फिर से खनन शुरू करने के लिए राज्य सरकार से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया जाएगा।

राखा खदान 2001 से बंद है और झारखंड सरकार ने हाल ही में इसका पट्टा बहाल करने की सैद्धांतिक सहमति जताई थी।

हालांकि, अंतिम मंजूरी अभी भी नहीं मिली है और इस संबंध में चर्चा जारी है।

एचसीएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) ए के शुक्ला ने कहा, “राखा-चापरी खदान के विकास और खदानों के बुनियादी ढांचे में अन्य संबद्ध निवेश अगले कुछ वर्षों में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा और देश के लिए तांबे के उत्पादन में काफी मदद मिलेगी।”

उन्होंने कहा, “हम इस परियोजना के लिए एक खदान डेवलपर एवं संचालक (एमडीओ) को भी जोड़ेंगे।”

एमडीओ को जोड़ने संबंधी निविदा के इसी महीने आने की उम्मीद है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, “हम पीएसयू हैं, तो हमें सरकार से भी कुछ मदद की उम्मीद है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)