शिमला, 17 दिसंबर हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में प्रवासी मजदूरों की एक झुग्गी बस्ती में आग लगने से एक महिला और उसके दो बच्चों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आग लगने की यह घटना हरोली क्षेत्र के कैलुआ गांव में शनिवार रात की है।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में सुमित्रा देवी (25), उनके नौ महीने के पुत्र अंकित और पांच साल की बच्ची नैना की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में महिला का पति विजय शंकर (25) भी झुलस गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना में मरने वाले लोगों के प्रति शोक प्रकट किया।
सुक्खू ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि एक महिला और उनके दो बच्चों के जिंदा जलने, जबकि उनके पति के गंभीर रूप से झुलसने की घटना बेहद दुखद है।
सुक्खू ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन को शोकाकुल परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
पुलिस के मुताबिक, एक अन्य घटना में सिरमौर जिले के उपमंडल सानगढ़ के भलार गांव में शनिवार रात को एक मकान जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने बताया कि घर में रहने वाले सदस्य सकुशल बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन आग में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY