हमीरपुर (हिप्र), 15 फरवरी हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड (एचपीबीओसीडब्ल्यूडब्ल्यूबी) के अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह द्वारा रखी गई आधारशिला की पट्टिका हटाये जाने की जांच कराने की शनिवार को मांग की।
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा रखी गई आधारशिला की पट्टिका एक दिन पहले हमीरपुर में खंड विकास कार्यालय के पास एक पेड़ के नीचे पड़ी मिली।
हमीरपुर, मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गृह जिला है।
हमीरपुर में खंड विकास कार्यालय के पास कामगार कल्याण बोर्ड का कार्यालय खोला जा रहा है। बताया जाता है कि वर्ष 1996 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस भवन का शिलान्यास किया था।
सूत्रों ने बताया कि पंचायत समिति ने भवन में दो दुकानें कृषि विभाग को किराए पर दी हैं।
प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह के पति और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के पिता थे।
ठाकुर ने इस बारे में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की कि पट्टिका को कहां लगाया गया था।
उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि यह घटना राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए उसके खिलाफ दुष्प्रचार का प्रयास लग रही है।
ठाकुर ने कहा कि इस ‘‘षड्यंत्र’’ की जांच होनी चाहिए।
हमीरपुर के डांगक्वाली चौक पर कृषि विभाग के विक्रय केंद्र का बोर्ड हटाकर वहां एचपीबीओसीडब्ल्यूडब्ल्यूबी कार्यालय का पोस्टर लगा दिया गया। वीरभद्र सिंह के नाम वाली आधारशिला पट्टिका पीपल के एक पेड़ के नीचे बोर्ड के साथ पड़़ी मिली।
ठाकुर ने कहा कि आधारशिला की पट्टिका कहां लगाई गई थी, इसे कैसे हटाया गया और यह पेड़ के नीचे कैसे पहुंची, इसकी जांच होनी चाहिए।
प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, पट्टिका को हटाए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण और परंपराओं के खिलाफ बताया।
उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री सुक्खू को पट्टिका हटाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY