देश की खबरें | हिमाचल सरकार ने राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में स्वागत समारोह का आयोजन किया

शिमला, 18 अप्रैल हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में यहां राजभवन में एक स्वागत समारोह और रात्रिभोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति राज्य के चार दिवसीय दौरे पर हैं।

राष्ट्रपति ने राजभवन परिसर में बुरुंश का पौधा भी लगाया। स्वागत भाषण में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन प्रेरणादायक रहा है और समाज कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में, खासकर नवाचार को बढ़ावा देने में उनके प्रयास असाधारण हैं।

उन्होंने कहा कि 1948 से हिमाचल प्रदेश की यात्रा समावेशी विकास और सामाजिक उत्थान का एक बड़ा उदाहरण रही है।

शुक्ला ने कहा कि राज्य के हर क्षेत्र के पास बताने के लिए एक कहानी है, इसकी वीरता, इसकी संस्कृति और परंपराओं तथा इसकी प्राकृतिक सुंदरता की कहानी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुर्मू को उनके राज्य के पहले दौरे पर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि वह सभी के लिए एक प्रेरणा हैं, क्योंकि वह समाज के पिछड़े और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही हैं।

सुक्खू ने राष्ट्रपति का स्थानीय निवास आम जनता के लिए खोलने के वास्ते राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया, क्योंकि देश भर से आने वाले लोग अब राष्ट्रपति निवास आ सकते हैं और ऐतिहासिक जगह की सुरम्य सुंदरता का आनंद ले सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)