देश की खबरें | हिमाचल: टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस नेता ने दिए निर्दलीय चुनाव लड़ने के संकेत

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), 19 जून हिमाचल प्रदेश के देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से टिकट नहीं दिए जाने पर पार्टी नेता राजेश शर्मा ने बुधवार को निर्दलीय चुनाव लड़ने का संकेत दिया।

कांग्रेस ने इस सीट से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर को अपना उम्मीदवार बनाया है । इसके एक दिन बाद शर्मा ने यह संकेत दिया है।

शर्मा ने देहरा से कांग्रेस के टिकट पर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस नेता ने बुधवार को अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए समर्थकों की एक बैठक बुलाई है।

समर्थकों को संबोधित करते हुए शर्मा ने देहरा के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, "मुझे कुर्सी की लालसा नहीं है, लेकिन मैं देहरा के लोगों को धोखा नहीं दे सकता।"

बैठक में कांग्रेस नेता भावुक हो गए और उन्होंने अपनी निराशा और हताशा जाहिर की। अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया, जिसके बाद उन्हें देहरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की एक टीम उनकी हालत पर नजर रख रही है।

कमलेश ठाकुर को टिकट देने के फैसले से कांग्रेस के भीतर विवाद पैदा हो गया है और अगर शर्मा निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

देहरा विधानसभा सीट पर दस जुलाई को उपचुनाव होगा।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार अब 'पति पत्नी की सरकार' बन गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)