शिमला, 16 नवंबर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को सौर ऊर्जा योजना के लिए जल्द से जल्द दिशानिर्देश तैयार करने का निर्देश दिया।
ऊर्जा विभाग की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने राज्य के युवाओं को 100 किलोवाट से एक मेगावाट तक की सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना पर 40 प्रतिशत अनुदान देने की घोषणा की है और विभाग को इस पर अमल करना चाहिए तथा इस योजना की पूरी रूपरेखा तैयार करनी चाहिये।
उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के अलावा, यह योजना 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के राज्य सरकार के प्रयासों को मजबूत करने में भी सहायक होगी।
उन्होंने दोहराया कि सरकार इस योजना के तहत स्थापित इकाइयों से 25 साल तक बिजली खरीदेगी, जिससे युवाओं को आय का एक स्थिर स्रोत मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा के दोहन को बढ़ावा दे रही है और वर्ष 2023-24 में 500 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और इस संबंध में विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने और इसकी बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा का उत्पादन एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य में इलेक्ट्रिक-वाहनों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में बिजली की मांग बढ़ेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY