देश की खबरें | मिजोरम में सात करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त, आठ लोग गिरफ्तार

आइजोल, आठ जुलाई मिजोरम के आबकारी और स्वापक विभाग ने दो अलग-अलग जगह छापेमारी कर सात करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त की और आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए राज्य के आबकारी एवं स्वापक विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को आइजोल के पास सेलेसिह गांव में एक वाहन को रोका और 2.6 किलोग्राम हेरोइन जब्त की।

उन्होंने बताया कि करीब 7.3 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन रखने के आरोप में असम के पांच लोगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से हेरोइन ले जाने के लिए इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

वहीं, एक अन्य अभियान में आबकारी एवं स्वापक विभाग के अधिकारियों और सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन (सीवाईएमए) के सेंट्रल एंटी ड्रग्स स्क्वाड (सीएडीएस) के स्वयंसेवकों ने शुक्रवार को आइजोल के बावंगकॉन इलाके में एक महिला तस्कर के कब्जे से लगभग 16 लाख रुपये मूल्य की 56 ग्राम हेरोइन जब्त की।

अधिकारी ने बताया कि जब्त की गई हेरोइन म्यांमा से तस्करी कर लाई गई थी।

उन्होंने बताया कि सभी आठ आरोपियों पर स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)