देश की खबरें | अंतरराष्ट्रीय कूरियर सेवा के जरिए हेरोइन की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 20 जुलाई मादक पदार्थ नियंत्रण शाखा (एनसीबी) ने सोमवार को कहा कि उसने ''उच्च श्रेणी'' की 1.7 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसे अंतरराष्ट्रीय कूरियर सेवा के जरिए तस्करी कर देश में लाया गया था।

इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ने कथित तौर पर गिरोह में शामिल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो भारतीय और दो नाइजीरियन हैं।

यह भी पढ़े | बिहार: आकाशीय बिजली गिरने से 16 लोगों की मौत.

एनसीबी के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, '' अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक के दौरान इस तरह नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही थी। यह पाया गया कि मादक पदार्थ तस्करों ने अंतरराष्ट्रीय कूरियर सेवा का दुरुपयोग किया।''

एजेंसी की दिल्ली शाखा ने दावा किया कि दो अलग-अलग अभियान में गिरोह का भंडाफोड़ किया गया और ''उच्च श्रेणी'' की 1.7 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।

यह भी पढ़े | बिहार में 19 जुलाई को आकाशीय बिजली गिरने से 16 की मौत: 20 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा कि पहले मामले में एलईडी लाइट और सौंदर्य प्रसाधन की आड़ में मादक पदार्थ भेजा गया था और इस मामले में एक नाइजीरियन नागरिक और भारतीय महिला को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, दूसरे मामले में साबुन की खेप के साथ तस्करी कर लायी जा रही हेरोइन जब्त की गई और इस मामले में एक नाइजीरियन नागरिक और मुंबई के निवासी को गिरफ्तार किया गया।

एनसीबी ने कहा कि शुरुआती जांच के मुताबिक इस सामान को प्राप्त करने वाले का पता असम का था जबकि इसे युगांडा से भेजा गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)