जरुरी जानकारी | एचडीएफसी का दूसरी तिमाही का लाभ 57.5 प्रतिशत घटकर 4,600 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, दो नवंबर आवास ऋण कंपनी एचडीएफसी लि. का सितंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 57.5 प्रतिशत घटकर 4,600 करोड़ रुपये रह गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 10,389 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

एचडीएफसी ने बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी एकीकृत कुल आय बढ़कर 34,090.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 32,850.89 करोड़ रुपये रही थी।

यह भी पढ़े | सपा सांसद आजम खान को एक और झटका, बहन का घर नगर-निगम ने किया सील.

कंपनी ने कहा, ‘‘30 सितंबर, 2019 को समाप्त तिमाही में उसे अपनी अनुषंगी गृह फाइनेंस लि. का नियंत्रण छोड़ने पर 8,000 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।’’

एकल आधार पर तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 28 प्रतिशत घटकर 2,870.12 करोड़ रुपये रह गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,961.53 करोड़ रुपये रहा था।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली से पहले मिली एक और बड़ी खुशखबरी.

एकल आधार पर कंपनी की कुल आय घटकर 11,732.70 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 13,494.12 करोड़ रुपये रही थी।

तिमाही के दौरान एचडीएफसी की शुद्ध ब्याज आय 21 प्रतिशत बढ़कर 3,647 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,021 करोड़ रुपये रही थी। तिमाही के दौरान शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.3 प्रतिशत रहा। कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) 1.81 प्रतिशत या 8,511 करोड़ रुपये रहीं।

एचडीएफसी ने अगस्त, 2020 में पात्र संस्थागत नियोजन के जरिये 10,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके अलावा कंपनी ने वॉरंट जारी कर भी 307 करोड़ रुपये जुटाए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)