रामनगर(कर्नाटक), 17 जून कर्नाटक से कांग्रेस के एकमात्र लोकसभा सदस्य डी. के. सुरेश ने शनिवार को कहा कि उन्होंने 2024 का संसदीय चुनाव लड़ने का अब तक फैसला नहीं किया है और यदि उपयुक्त उम्मीदवार होगा, तो वह उनका समर्थन करने के लिए तैयार हैं।
बेंगलोर दक्षिण से सांसद ने कहा कि राजनीति अब उतनी अच्छी नहीं रही और वह इसे काफी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए उनका इरादा दूसरों के लिए राह बनाना है।
उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के छोटे भाई सुरेश ने कहा, ‘‘मैंने (लोकसभा) चुनाव लड़ने के बारे में अभी फैसला नहीं किया है। मैंने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा है कि यदि उपयुक्त उम्मीदवार है, तो मैं उनका समर्थन करूंगा।’’
सुरेश पहले भी लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में संदेह जता चुके हैं।
उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए इस बात का जिक्र किया कि जिन्हें सत्ता की भूख है वे राजनीति करना चाहते हैं। सांसद ने कहा, ‘‘मुझे विकास की भूख है। विकास करने के लिए और एक साल है, मैं यह करूंगा। उसके बाद, विचार करूंगा। अभी मैंने (चुनाव लड़ने का) फैसला नहीं किया है।’’
कांग्रेस ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 28 सीट में केवल एक सीट पर जीत दर्ज की थी। पार्टी ने हालिया विधानसभा चुनावों में मिली शानदार जीत के बाद, 2024 के चुनावों में 20 सीट पर जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY