देश की खबरें | बलरामपुर में भी हाथरस जैसी वारदात : पीड़िता की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में 22 वर्षीय एक दलित लड़की की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हालत बिगड़ने से मौत हो गई।
बलरामपुर (उप्र), एक अक्टूबर उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में 22 वर्षीय एक दलित लड़की की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हालत बिगड़ने से मौत हो गई।
बलरामपुर के गैसड़ी इलाके की रहने वाली दलित युवती की मां का आरोप है कि बलात्कारियों ने उनकी बेटी के पैर और कमर तोड़ दी। हालांकि पुलिस ने इसे गलत बताया है।
युवती की मां ने बुधवार देर रात संवाददाताओं से कहा,‘‘ मेरी बेटी मंगलवार को एक कॉलेज में दाखिले के लिए घर से निकली थी। रास्ते में तीन-चार लोगों ने उसे अगवा कर लिया और एक कमरे में ले गए। वहां उसे इंजेक्शन देकर उससे सामूहिक बलात्कार किया। उसके बाद आरोपियों ने उसे एक रिक्शे पर बैठा दिया, जो उसे हमारे घर के बाहर छोड़ गया। उन्होंने उसके दोनों पैर और कमर तोड़ दिए। वह खड़ी नहीं हो पा रही थी और ना ही बोल पा रही थी।’’
बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि युवती एक निजी कंपनी में काम करती थी और मंगलवार को वह गंभीर हालत में घर लौटी थी। उसके हाथ में 'वीगो' लगी हुई थी जिसका इस्तेमाल शरीर में इंजेक्शन या अन्य द्रव डालने के लिए किया जाता है।
वर्मा ने बताया कि परिवार के लोगों ने युवती को अस्पताल ले जाने की कोशिश की लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया है।
उन्होंने बताया कि परिजन की तहरीर पर पुलिस ने शाहिद और साहिल नामक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लड़की के दोनों पैर और कमर टूटने के परिजन के आरोपों पर पुलिस अधीक्षक ने कहा,‘‘ पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लिहाजा परिजन का यह दावा गलत है।’’
उन्होंने बताया कि लड़की के शव का बुधवार देर रात उसके परिजन की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस बीच, बलरामपुर जिला पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में बताया गया कि सुबह बलरामपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने देवीपाटन मंदिर के तुलसीपुर के महंत मिथिलेश नाथ योगी के साथ पीड़ित परिवार के घर जाकर उन्हें सांत्वना दी और पुलिस द्वारा इस मामले में की गई त्वरित कार्रवाई और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बारे में बताया।
अधिकारियों ने परिजन को विश्वास दिलाया कि मामले की जल्द से जल्द जांच कर अभियुक्तों को सजा दिलाई जाएगी। परिजन को महंत के हाथों 618750 रुपए की धनराशि का अनुमति पत्र दिया गया।
गौरतलब है कि हाथरस जिले में पिछले दिनों एक युवती से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया गया था। उसे पहले अलीगढ़ के अस्पताल में और उसके बाद दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई थी।
इस घटना को लेकर पूरे देश में जबरदस्त आक्रोश है। इस मामले के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
सं सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)