हिसार (हरियाणा), 22 अगस्त लोकप्रिय हरियाणवी गायक राजू पंजाबी का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 33 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार थे। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
गायक हिसार के आजाद नगर इलाके में रहते थे। वह पीलिया से पीड़ित थे और बीते 10 दिन से यहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार हो रहा था।
उनका अंतिम संस्कार राजस्थान में उनके पैतृक स्थान रावत्सर खेड़ा गांव में होगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गायक के निधन पर शोक जताया है।
खट्टर ने ट्वीट कर कहा कि पंजाबी का जाना ‘‘हरियाणा के संगीत उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति’’ है।
जैसे ही उनके निधन की खबर मिली पंजाबी के रिश्तेदार और उनके प्रशंसक हिसार पहुंचने लगे।
पंजाबी हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में जाना माना चेहरा थे। वह ‘सॉलिड बॉडी’, ‘संदल’, ‘तू चीज लाजवाब’ और ‘देसी-देसी’ जैसे गानों से लोकप्रिय हुए थे।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत धार्मिक गानों से की थी और 2013 में अपने गीत ‘यार दोबारा नहीं मिले’ से लोकप्रियता हासिल की थी।
पंजाबी का आखिरी गीत ‘आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा था’ 12 अगस्त को रिलीज हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY