चंडीगढ़, 26 फरवरी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि राज्य विभिन्न क्षेत्रों में विकास के मामले में देश में अग्रणी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
सैनी ने जींद जिले के जुलाना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ने अपने पहले 100 दिनों में ही चुनाव घोषणा पत्र में किए गए कुछ वादों को पूरा कर दिया है और बाकी वादों को भी पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की जनता सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर विश्वास जता रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर किसानों को सशक्त बनाया है।
सैनी ने भिवानी जिले के बवानी खेड़ा में एक अलग कार्यक्रम में कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के नेता वातानुकूलित कमरों में बैठकर ट्वीट कर रहे हैं। उन्हें जमीन पर हो रहे कामों की जानकारी नहीं है। कांग्रेस हमेशा झूठ की राजनीति करती है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र सात मार्च से शुरू होगा।
किसानों के मुआवजे से जुड़े सवाल पर सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार ने 10 साल में किसानों को महज 1155 करोड़ रुपये मुआवजा दिया था, जबकि भाजपा नीत सरकार ने 10 साल में 13,500 करोड़ की मुआवजा दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को कोई भी नुकसान होगा तो सरकार भरपाई करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY