देश की खबरें | हरियाणा : नूंह में पथराव करने के आरोप में तीन बच्चे हिरासत में

नूंह, 18 नवंबर हरियाणा के नूंह में 'कुआं पूजन' के लिए जा रहीं महिलाओं पर पथराव करने की घटना के सिलसिले में तीन बच्चों को हिरासत में लिया गया है। पथराव की घटना में आठ महिलाएं घायल हो गई थीं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बच्चों में नौ वर्षीय एक बच्चे को बाल कल्याण समिति के सामने पेश करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया जबकि दो अन्य को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

बाल सुधार गृह भेजे गए दोनों बच्चों की उम्र 12 साल है।

नूंह में बृहस्पतिवार रात एक मस्जिद और मदरसे से कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर पथराव किया था, जिसमें कम से कम आठ महिलाएं घायल हो गई थीं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है लेकिन अभी तक किसी अन्य की भूमिका सामने नहीं आई है।

इस घटना के संबंध में पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने तीनों बच्चों से उनके माता-पिता की मौजूदगी में पूछताछ की और बाद में उन्हें हिरासत में ले लिया।

नूंह पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने कहा, ''तीनों बच्चे मदरसे के छात्र हैं और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। अन्य लोगों की संलिप्तता अभी सामने नहीं आई है लेकिन मामले की जांच की जा रही है। अगर हमें जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता मिलती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)