देश की खबरें | हरियाणा: दो दिन से लापता बैंक कर्मी का शव जलघर के टैंक से बरामद

भिवानी, छह मार्च हरियाणा के भिवानी में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा में कार्यरत क्लर्क का शव जलघर के टैंक से बरामद किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान पतराम गेट क्षेत्र के रहने वाले मनीष (40) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिन से लापता था।

उन्होंने बताया कि मनीष का शव तोशाम बाईपास स्थित डाबर जलघर के टैंक से बरामद किया गया और उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी वहीं पास में खड़ी मिली।

अधिकारियों ने बताया कि मनीष दो बच्चों का पिता था।

उन्होंने बताया कि मृतक के मामा ने तीन मार्च अपराह्न साढ़े तीन बजे मनीष के घर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

अधिकारियों के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि मनीष अनाज मंडी स्थित पीएनबी की शाखा में बतौर क्लर्क कार्य करता था और तीन मार्च को स्कूटी लेकर निकाला था लेकिन घर नहीं लौटा।

मामले की जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि बुधवार शाम को डाबर कॉलोनी के जलघर टैंक में एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला गया।

उन्होंने बताया कि शव की पहचान लापता बैंक कर्मी मनीष के रूप में हुई।

अधिकारी ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को परिजन को सौंप दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।

वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)