देश की खबरें | हरियाणा प्रदेश भाजपा ने उदय भान के खिलाफ प्रदर्शन किया

गुरुग्राम, 24 सितंबर कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष उदय भान की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर विवादित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां अग्रवाल धर्मशाला चौक पर प्रदर्शन किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख का पुतला भी फूंका।

उन्होंने प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने के बावजूद विवादित टिप्पणी करने के लिए भान पर निशाना साधा और इस मामले पर उनसे माफी की मांग की।

गुरुग्राम में भाजपा की जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने कहा, “ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ-साथ पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।”

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, भाजपा कार्यकर्ता राज्य भर में कांग्रेस के खिलाफ इसी तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं।

इससे पहले एक वीडियो सामने आया था जिसमें भान बिना नाम लिए कथित तौर पर मोदी और खट्टर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं।

सत्ताधारी पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी द्वारा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सांसद दानिश अली के खिलाफ अपमानजनक शब्दों को लेकर मचे घमासान के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर हमला किया है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस संबंध में अदालत का दरवाजा खटखटा सकती है।

भान ने कहा, “मैं माफी तब मांगू जब मैंने कुछ गलत कहा हो। भाजपा को अपने सांसदों और नेताओं को नियंत्रण में रखना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “ मैं वही बात पहले भी 20-30 रैलियों में बोल चुका हूं। अगर मैंने कुछ गलत कहा है तो वे अदालत जा सकते हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)