देश की खबरें | हरियाणा: करनाल में विवाद के बाद दलित बस्ती में तोड़-फोड़, मोटरसाइकिलों में आग लगाई

करनाल (हरियाणा), 12 फरवरी हरियाणा के करनाल जिले में फूसगढ़ स्थित वाल्मीकि बस्ती में कुछ मुद्दों पर विवाद होने के बाद आठ मकानों में तोड़फोड़ की गई और तीन मोटरसाइकिलों में आग लाग दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर हुई इस घटना के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दलित बस्ती के निवासियों का आरोप है कि अगड़ी जाति के कुछ लोग आसपास के इलाके के युवकों को गैरकानूनी काम करने के लिए मजबूर करते थे।

पुलिस ने कहा कि आरोप की पुष्टि की जा रही है।

इलाके के लोगों ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर स्थानीय निवासियों और लोगों के एक समूह के बीच विवाद होने के परिणामस्वरूप यह घटना हुई।

उन्होंने कहा कि आरोपियों ने आठ मकानों में तोड़-फोड़ की और तीन मोटरसाइकिलों में आग लगा दी।

घटना के बाद इलाके में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

करनाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गंगा राम पुनिया ने कहा कि इलाके में स्थिति अब शांतिपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि तीन मोटरसाइकिलें और कुछ मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।’’

एसपी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)