अयोध्या (उप्र), 24 जून हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, 13 मंत्रियों और 13 विधायकों ने सोमवार को अयोध्या में भगवान श्रीराम लला के दर्शन कर उनका पूजन किया। अधिकारियों ने यह जानकरी दी।
अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री समेत अन्य विधायक विमान से यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां से सैनी समेत सभी नेता रामलला के दर्शन पूजन के लिये पहुंचे।
सैनी ने कहा कि उन्होंने अयोध्या पहुंचकर रामलला के अप्रतिम सौंदर्य और उनके व्यक्तित्व की विशालता के दर्शन किए।
उन्होंने कहा, "भगवान राम हमारी मर्यादा और नैतिकता के मानक हैं। मैं राम राज्य के आदर्शों, मर्यादाओं और गुणों के साथ हरियाणा के लोगों की सेवा में लगा रहूंगा। रामलला की कृपा से ही हमें यह संकल्प और आशीर्वाद मिला है।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अयोध्या में अपने राज्य के एक अतिथि गृह के लिए पहल करेंगे। योगी सरकार विभिन्न राज्यों के लिए अयोध्या में गेस्ट हाउस की योजना लेकर आई है।
सैनी ने कहा, ‘‘कई राज्यों की सरकारों ने आवेदन किया है, धार्मिक नगरी अयोध्या में गेस्ट हाउस के लिए हरियाणा सरकार भी आवेदन करेगी।’’
अयोध्या हवाई अड्डे पर सैनी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “पूरे प्रदेश में खुशहाली आए, प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़े। ऐसी कामना हम भगवान से कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “आज हमें भगवान राम के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।”
सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत चुनाव से पहले राज्य के श्रद्धालु विशेष ट्रेन से अयोध्या आए हैं।
चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी भी राज्य के कई शहरों से बसों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना कर चुके हैं।
सैनी ने बताया कि इन बसों में सरकार 60 साल से अधिक उम्र और एक लाख 80 हजार रुपये सालाना आय वाले श्रद्धालुओं को मुफ्त तीर्थयात्रा करा रही है।
अयोध्या के मंदिर में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों और विधायकों के साथ अयोध्या में राम मंदिर में रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने परिवार के साथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से अयोध्या मंदिर में रामलला के दर्शन कर चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY