देश की खबरें | हरियाणा : कुरुक्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में 10 वर्षीय बच्चे की मौत

कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 29 जून हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के चनारथल गांव में आवारा कुत्तों ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पीड़ित अमन सोमवार को पेड़ के नीचे सो रहा था तभी कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक राजपाल ने बताया कि तत्काल अमन को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित के पिता चंद्रपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले हैं और पत्नी के साथ यहां खेतों में मजूदरी करते हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के समय भी दंपति खेत में काम कर रहा था और उनके बच्चे अंजलि और अमन नजदीक ही जामुन तोड़ने गए थे।

उन्होंने बताया कि अंजली वापस आ गई लेकिन अमन पेड़ के नीचे ही सो गया।

पुलिस ने बताया कि इसी तरह की घटना मंगलवार को भी पानीपत जिले में हुई जब एक निजी अस्पताल में एक आवारा कुत्ता दो दिन के नवजात शिशु को खींच कर अस्पताल से बाहर ले गया और उसे घायल कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)