देश की खबरें | गुरुग्राम: 30 किलो से अधिक मांस बरामद होने के बाद दंपति और तीन अन्य लोग गिरफ्तार

गुरुग्राम, 31 मार्च सोहना के निकट एक आवासीय सोसाइटी से ऑनलाइन प्रतिबंधित मांस बेचने के संदेह में दंपति, सामान पहुंचाने वाले दो लोगों और एक कसाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 30 किलो से अधिक मांस बरामद होने के बाद भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किये गये लोगों में से तीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया जबकि कसाई को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि महिला को जमानत पर छोड़ दिया गया।

बादशाहपुर के सहायक पुलिस आयुक्त सुरेन्द्र फोगाट ने बताया, “मांस को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मांस किस जानवर का है। मामले की जांच की जा रही है।”

पुलिस के अनुसार, मामला रविवार को उस समय सामने आया जब दो लोग दो बोरियों के साथ सोहना के निकट धुनेला गांव में ‘ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी में आए’, जिसके बाद गार्ड को उन पर संदेह हुआ।

पुलिस ने बताया कि बोरियों की जांच की गई तो उनमें काले रंग के बैग में मांस भरा हुआ था।

पुलिस ने दावा किया कि मांस ऑनलाइन बिक्री के लिए नूंह से लाया गया था।

गौ रक्षा दल के कुछ सदस्य मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि सोसाइटी में रहने वाले दंपत्ति ने गुरुग्राम में आपूर्ति के लिए नूंह से मांस खरीदा था।

‘ग्लोबल हाइट्स सोसाइटी’ के मुख्य सुरक्षा अधिकारी गौरव और गौ रक्षा दल के सदस्य आदेश खटाना द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मांस की आपूर्ति करने वाले दोनों लोग रविवार तड़के करीब पांच बजे स्विगी कंपनी की जैकेट और टी-शर्ट पहनकर सोसाइटी में आए थे।

सुरक्षा गार्डों ने बोरों से मांस मिलने के बाद सोसाइटी के टावर 5 के एक फ्लैट में रहने वाले दंपति को बुलाया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि उसके पति का नाम मुख्तार है, जो बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला रात में अपने स्कूटर पर नूंह के रोजका मेव से मांस लेकर आती थी और सुबह-सुबह लड़के गुरुग्राम में उसकी आपूर्ति करते थे।

पुलिस ने मामले के खुलासे के बाद मुख्तार, उसकी पत्नी और मांस पहुंचाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बाद में कसाई असगर को भी गिरफ्तार कर लिया।

‘स्विगी’ कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)