देश की खबरें | गुरुग्राम: मानव तस्करी के आरोप में सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर’ गिरफ्तार

गुरुग्राम, 27 मई विवादों में रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बॉबी कटारिया को मानव तस्करी के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दो लोगों ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया और दावा किया कि कटारिया ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे चार लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।

फतेहपुर के मूल निवासी अरुण कुमार और उत्तर प्रदेश के धौलाना निवासी मनीष तोमर द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार उन्होंने इंस्टाग्राम पर विदेश में काम देने से संबंधित एक विज्ञापन देखा।

विज्ञापन सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ और यूट्यूब पर कटारिया के आधिकारिक खाते से पोस्ट किया गया था। इन्फ्लुएंसर से संपर्क करने के लिए उन्हें गुरुग्राम के एक मॉल में स्थित कार्यालय में मिलने के लिए कहा गया।

शिकायत के बाद, कटारिया और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (चोट पहुंचाना), 342 (जबरन कैद करना), 506 (आपराधिक धमकी), 420 (धोखाधड़ी), 364 (अपहरण), 370 (मानव तस्करी) तथा 120-बी (आपराधिक साजिश) और आप्रवासन अधिनियम की धारा 10/24 के तहत मामला दर्ज किया।

कटारिया को उसके गुरुग्राम कार्यालय से गिरफ्तार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)