देश की खबरें | गुजरात जुलाई में जी-20 की चार बैठकों की मेजबानी करेगा

अहमदाबाद,30 जुलाई गुजरात जुलाई के शुरुआती दो हफ्तों में जी-20 की चार बैठकों की मेजबानी करेगा, जिनमें सदस्य देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंकों के गवर्नर की एक बैठक भी शामिल है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि ये बैठकें सूरत, केवडिया, गांधीनगर और अहमदाबाद में होंगी।

वरिष्ठ नौकरशाह और गुजरात में जी-20 बैठकों के लिए नोडल अधिकारी मोना खंडार ने कहा, ‘‘गुजरात जी-20 के तीसरे चरण में अहम बैठकों की मेजबानी करेगा, जिनमें मंत्री स्तरीय और शिखर सम्मेलन स्तर की बैठकें शामिल हैं। आमतौर पर इन बैठकों में अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाती है।’’

उन्होंने बताया कि जी-20 देशों की शहरी-20 के तहत महापौरों का सम्मेलन सात और आठ जुलाई को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में होगा, जबकि वित्त मंत्री के कार्य समूह की अंतिम बैठक और केंद्रीय बैंकों के गवर्नर के साथ-साथ वित्त सचिव और केंद्रीय बैंकों के उप गवर्नर की बैठक 14 जुलाई से गांधीनगर में होगी।

खंडार ने बताया, ‘‘इनके अलावा व्यापार और निवेश कार्य समूह की तीसरी बैठक 10 से 12 जुलाई तक केवडिया के एकतानगर में होगी, जो बहुत अहम बैठक है।’’

उन्होंने बताया कि बी-20 (बिजनेस-20) के तहत कारोबारी प्रतिनिधियों की बैठक एक जुलाई से सूरत में होगी। इस दौरान वे कपड़ा उद्योग, वित्त, बैंकिंग और हीरा के बारे में भी चर्चा करेंगे, जो सूरत में मुख्य कारोबार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)