अहमदाबाद, आठ मई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद गुजरात के तटीय इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ‘‘अप्रत्याशित स्थिति की आशंका के कारण’’ पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं तथा उन्हें तुरंत ड्यूटी पर लौटने को कहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी।
गुजरात पाकिस्तान के साथ जमीनी और समुद्री सीमा साझा करता है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक विकास सहाय के कार्यालय ने बुधवार रात एक आदेश जारी कर ‘‘अप्रत्याशित स्थिति की आशंका के कारण’’ शहरों और जिलों के सभी पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दीं और उन्हें तत्काल प्रभाव से ड्यूटी पर लौटने को कहा।
राजकोट रेंज के महानिरीक्षक अशोक कुमार यादव ने कहा कि पाकिस्तान में भारत की आतंकवाद विरोधी कार्रवाई के बाद तटीय पुलिस को ‘‘अलर्ट’’ पर रखा गया है।
यादव ने कहा कि राजकोट रेंज के अंतर्गत पांच जिले, जामनगर, मोरबी और देवभूमि द्वारका समुद्र तट पर स्थित हैं।
यादव ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमने पिछले दो दिनों में गुजरात के तटीय इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और उन क्षेत्रों में अधिकतम पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस को ‘अलर्ट मोड’ पर रखा गया है और सभी पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY