गांधीनगर, दो जुलाई गुजरात में अहमदाबाद के निकट लोथल में बनाये जा रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत संग्रहालय (एनएमएचसी) की व्यापक समीक्षा के लिए रविवार को यहां एक उच्च स्तरीय बैठक हुई।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि संग्रहालय में एक गैलरी के निर्माण के लिए केंद्र के भारतीय बंदरगाह रेल एवं रोपवे निगम और नौसेना के बीच एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।
बयान के मुताबिक, संग्रहालय में बनाई जाने वाली यह गैलरी नौसेना और तट रक्षक के क्रमिक विकास को प्रदर्शित करेगी।
संग्रहालय का निर्माण बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के तत्वावधान में 4,500 करोड़ रुपये के निवेश से किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस परियोजना की आधारशिला मार्च 2019 में रखी थी।
एनएमएचसी में एक समुद्री संग्रहालय, लाइटहाउस संग्रहालय, समुद्री थीम पार्क, मनोरंजन पार्क केंद्र आदि होंगे। बयान के मुताबिक, संग्रहालय में प्राचीन काल से लेकर अब तक की देश की समुद्री विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY