देश की खबरें | गुजरात : कांग्रेस ने घेड इलाके के वर्षा प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की

अहमदाबाद, तीन जुलाई गुजरात में विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से पोरबंदर और जूनागढ़ जिलों के घेड क्षेत्र के किसानों के लिए ‘उदारता’ से मुआवजा पैकेज देने की मांग की, जिन्हें भारी बारिश की वजह से नुकसान का सामना करना पड़ा है।

कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने भाजपा सरकार पर बाढ़ का पानी समुद्र की ओर मोड़ने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का प्रधिनिधिमंडल जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए घेड क्षेत्र का दौरा करेगा और प्रभावित लोगों व किसानों की हरसंभव मदद करेगा।

गोहिल ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘घेड इलाके के किसानों को मूसलाधार बारिश के बाद खेतों में जलजमाव की स्थिति की वजह से भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। खेतों में बुआई कर दी गई थी, लेकिन बारिश में सब बह गया। इस स्थिति से बचा जा सकता था, अगर सरकार ने खेतों में पानी जमा होने से रोकने और बाढ़ का पानी समुद्र में भेजने के लिये पर्याप्त व्यवस्था की होती। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि केवल कागजों पर काम हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से इलाके में आंतरिक सड़कों, पेड़ और कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

कांग्रेस नेता ने बताया, ‘‘जमीनी हालात का जायजा लेने और नुकसान का आकलन करने के लिए कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल घेड इलाके का दौरा करेगा। हमारे नेता और कार्यकर्ता आज से शुरू हो रहे दौरे के दौरान लोगों की हरसंभव मदद की कोशिश करेंगे। हम सरकार से प्रभावित किसानों के लिए उदार मुआवजा पैकेज घोषित करने और प्रभावित लोगों को नकद सहायता देने की मांग करते हैं।’’

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पोरबंदर से विधायक और गुजरात के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया करेंगे और उनके साथ विधायक विमल चूड़ास्मा और अरविंद लदानी और पूर्व विधायक बाबू वजा भी होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)