देश की खबरें | गुजरात : दो सीटों पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस, भाजपा और आप उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

अहमदाबाद, दो जून गुजरात में कडी और विसावदर विधानसभा सीट पर 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, मेहसाणा जिले की कडी सीट के लिए राष्ट्रीय राजनीतिक दलों सहित 18 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए जबकि जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट के लिए 31 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।

अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कडी सीट चार फरवरी को भाजपा विधायक करसनभाई सोलंकी के निधन के बाद खाली हो गई थी। दिसंबर 2023 में ‘आप’ विधायक भूपत भायाणी के इस्तीफा देने के बाद विसावदर सीट खाली हो गई थी। बाद में वह सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा ने उपचुनाव के लिए कडी से राजेंद्र चावड़ा और विसावदर से किरीट पटेल को मैदान में उतारा है।

गुजरात में विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने कडी और विसावदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए क्रमश: रमेश चावड़ा और नितिन रणपरिया को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

रमेश चावड़ा कडी विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। जूनागढ़ जिला पंचायत के सदस्य रह चुके रणपरिया पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

इन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी कड़ी से जगदीश चावड़ा और विसावदर से गोपाल इटालिया को मैदान में उतार चुकी है।

मतगणना 23 जून को होगी।

गुजरात विधानसभा में 182 सीट हैं, जिनमें से भाजपा के पास 161, कांग्रेस के पास 12 और ‘आप’ के पास चार सीट हैं, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी और दो सीटें निर्दलीय के पास हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)