देश की खबरें | गुजरात एटीएस ने आईएसकेपी मॉड्यूल मामले में पकड़ी गई महिला से ‘‘संबंधों’’ को लेकर दो व्यक्तियों से पूछताछ की

हैदराबाद, 28 जून गुजरात एटीएस की एक टीम ने यहां दो व्यक्तियों से पूछताछ की, जो कथित तौर पर इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरासान प्रोविंस (आईएसकेपी) मॉड्यूल मामले में हाल ही में गिरफ्तार की गई एक महिला के संपर्क में थे। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को दी।

महिला उन चार व्यक्तियों में शामिल थी, जिन्हें 10 जून को गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने गिरफ्तार किया था।

एटीएस ने कहा था कि उसने पोरबंदर और सूरत में चलाये गए एक अभियान में एक आईएसकेपी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और तीन पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसने कहा था कि पुरुष जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के रहने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार महिला, दो व्यक्तियों - 41 वर्षीय व्यक्ति, जो यहां कालापत्थर में एक मेडिकल स्टोर चलाता है और शहर की 19 वर्षीय महिला-के संपर्क में थी। उन्होंने कहा कि गुजरात पुलिस उन व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है जिनके साथ वह (गिरफ्तार महिला आरोपी) संपर्क में थी।

तेलंगाना पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि शहर के दोनों व्यक्तियों से गुजरात एटीएस की एक टीम ने पूछताछ की और दोनों को मामले में गवाह माना जा रहा है और आज उन्हें गुजरात ले जाया गया।

गुजरात पुलिस ने तब कहा था कि उन्होंने उनके पास से ऐसी सामग्री जब्त की है जो प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के साथ उनके संबंध को दर्शाती है।

आईएसकेपी को संयुक्त राष्ट्र ने एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)