गांधीनगर, 15 सितंबर गुजरात विधानसभा ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर चंद्रयान-3 और आदित्य एल1 मिशन की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और अन्य तकनीकी कर्मचारियों को बधाई दी।
यह प्रस्ताव विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान संसदीय और विधायी मामलों के राज्य मंत्री प्रफुल्ल पंशेरिया द्वारा लाया गया। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, क्योंकि विपक्षी दल कांग्रेस ने भी इसका समर्थन किया।
पंशेरिया ने प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा, ‘‘इसरो के वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की निरंतर प्रेरणा और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए धन्यवाद कि हम चंद्रयान-3 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने में सक्षम हुए। यह पूरे देश के लिए बहुत गर्व की बात है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम आदित्य एल1 अंतरिक्ष यान के सफल प्रक्षेपण के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी और इसरो वैज्ञानिकों तथा अन्य तकनीकी कर्मचारियों को बधाई देते हैं।’’
प्रस्ताव का समर्थन करते हुए, भाजपा विधायक महेश कासवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा वैज्ञानिकों के साथ खड़े रहे और कठिन समय में ‘‘उनके आंसू पोंछे’’ तथा एक सफल मिशन के लिए उनकी पीठ थपथपाकर उनकी सराहना की।
कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा ने भाजपा नीत सरकार के प्रस्ताव को अपनी पार्टी का समर्थन देते हुए कहा कि जवाहरलाल नेहरू से लेकर मोदी तक सभी प्रधानमंत्रियों को याद किया जाना चाहिए।
चावड़ा ने कहा, ‘‘इन दोनों अंतरिक्ष अभियानों की सफलता के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों और अन्य तकनीकी कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई। साथ ही, नेहरू से लेकर मोदी तक सभी प्रधानमंत्रियों को याद किया जाना चाहिए और वे भी इस उपलब्धि के लिए बधाई के पात्र हैं।’’
कांग्रेस विधायक ने सदन में कहा कि नेहरू वैज्ञानिक नजरिया रखते थे और उन्होंने डॉ. विक्रम साराभाई के नेतृत्व में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने केंद्र सरकार से चंद्रयान-3 की सफलता के उपलक्ष्य में एक मुद्रा नोट जारी करने का आग्रह किया, जैसे कि पूर्व में कांग्रेस सरकार ने 1975 में भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट की छवि वाला एक मुद्रा नोट जारी किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY