शिमला, 28 दिसंबर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार और पार्टी लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए बेहतर समन्वय के साथ काम करेगी।
बुधवार को यहां राजीव भवन में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कुछ मुद्दों पर अलग-अलग राय हो सकती है लेकिन विचारधारा एक है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में कांग्रेस सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देगी।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लगभग सभी विधायक जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले 40 साल से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना ‘‘कांग्रेस पार्टी के हर जमीनी कार्यकर्ता का सम्मान’’ है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई गुटबाजी का सामना करती रही है और सुक्खू के विरोधी खेमे की नेता तथा पार्टी की प्रदेश इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री के पद की दौड़ में प्रमुख उम्मीदवारों में से एक थीं।
सुक्खू ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार चौतरफा और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि लोगों को राज्य में भ्रष्टाचार-मुक्त और जवाबदेह प्रशासन मिले। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार यहां व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए आयी है न कि सत्ता का सुख भोगने।
प्रश्न पत्र लीक होने संबंधी घोटाले के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के कामकाज को निलंबित करने का कदम उठाया। उन्होंने कहा कि युवाओं का भर्ती एजेंसियों में भरोसा पैदा करने के लिए यह कदम उठाया गया है जो कि पूर्ववर्ती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में खो गया था।
संसद सदस्य और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी इस मौके पर संबोधन दिया और एचपीएसएससी के कामकाज को निलंबित करने के राज्य सरकार के फैसले की सराहना की।
इस बीच, मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक बैठक में राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि संक्रमित मरीजों के नमूनों का जीनोम अनुक्रमण जरूर किया जाए और पर्यटकों को राज्य में ठहरने के दौरान कोविड-19 संबंधी उपयुक्त व्यवहार करने के लिए मनाया जाए।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस के 28 उपचाराधीन मरीज हैं। जिनमें से तीन मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY