चेन्नई, 17 सितंबर तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम और द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को 70 वर्ष के हो गए।
राज्यपाल ने मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, ‘‘देश की सेवा करने में आपके व्यावहारिक दृष्टिकोण एवं समर्पण भाव और प्रशासन में नवोन्मेष के साथ आपके नेतृत्व ने भारत के लिए मजबूत आधार रखा है, जिससे भारत वैश्विक नेता के रूप में उभरा है।’’
पुरोहित ने मोदी की दीघार्यु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘आपके जन्मदिन के शुभ अवसर पर मैं आपको आगामी शानदार वर्ष के लिए शुभकामनाएं देना चाहता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य और शक्ति दे, ताकि आप कई वर्षों तक हमारे देश की सेवा करते रहें।’’
मुख्यमंत्री ने मोदी को एक गुलदस्ता भी भेंट किया।
पनीरसेल्वम और स्टालिन ने भी मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दी।
इनके अलावा पीएमके के संस्थापक एस रामादोस, अभिनेता रजनीकांत और अभिनेता-नेता कमल हासन ने भी मोदी को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष एल मुरुगन के नेतृत्व में पार्टी की राज्य इकाई ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कई कल्याण योजनाएं आरंभ कीं।
भगवा दल ने मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY