देश की खबरें | केरल के राज्यपाल सोमवार को राजभवन में पत्रकारों से मिलेंगे

तिरूवनंतपुरम, 18 सितंबर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने सोमवार को पत्रकारों को राजभवन में आमंत्रित किया है, जहां उनके (खान के) द्वारा कुछ दस्तावेज और वीडियो क्लिप जारी किये जाने की उम्मीद है।

राज्य की वाम मोर्चा सरकार और राज्यपाल के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में यह घटनाक्रम हुआ है।

राज्यपाल के कार्यालय ने कहा कि वह यहां सोमवार को पूर्वाह्न पौने बारह बजे प्रेस से मिलेंगे।

दिन में, खान ने कहा कि वह मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा लिखे गये पत्रों को मीडिया को जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि इन पत्रों में उन्हें आश्वस्त किया गया है कि राज्य के विश्वविद्यालयों के कामकाज में सरकार की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘अब हस्तक्षेप करने के बजाय, वे विश्वविद्यालयों का नियंत्रण लेने की कोशिश कर रहे हैं।’’

राज्यपाल ने यह भी कहा कि वह कुछ वीडियो क्लिप जारी करेंगे, जो शायद दिसंबर 2019 में कन्नूर विश्वविद्यालय में उनके संबोधन में व्यवधान डाले जाने की घटना से संबद्ध है।

खान के मुताबिक, सार्वजनिक स्थल पर बोलने से उन्हें डराने की साजिश के तहत उनके साथ ऐसा किया गया था और विजयन ने कथित तौर पर पुलिस से कहा था कि वह घटना के सिलसिले में मामला दर्ज नहीं करे।

उन्होंने आरोप लगाया था, ‘‘गृह विभाग के प्रभारी, मुख्यमंत्री, ने इस सिलसिले में मामला दर्ज नहीं करने के विशेष निर्देश दिये थे।’’

हालांकि, खान ने कहा कि कथित षडयंत्रकारी उनकी जान लेना नहीं चाहते थे, बल्कि वे उन्हें सिर्फ डराना चाहते थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)