देश की खबरें | सरकारी स्कूलों के छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई में पांच प्रतिशत आरक्षण देगी सरकार : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल, 18 सितंबर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि प्रदेश सरकार इस साल से सरकारी स्कूलों के छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई में पांच प्रतिशत आरक्षण देगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के माध्यम से मेडिकल कॉलेजों में दाखिला शुरू हुआ है, सरकारी स्कूलों के बच्चे डॉक्टर नहीं बन पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में पहली बार मध्य प्रदेश सरकार ने इस योजना को लागू करने का निर्णय लिया है जिसके तहत सरकारी स्कूल के छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई में पांच फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इन सीटों पर केवल सरकारी स्कूल के छात्रों को ही दाखिला दिया जाएगा।

चौहान ने कहा कि अब तक केवल निजी स्कूलों के छात्र ही नीट पास करते थे, लेकिन अब से दो सूचियां तैयार की जाएंगी, एक सरकारी स्कूल के छात्रों के लिए और दूसरी निजी स्कूलों के छात्रों के लिए।

उन्होंने कहा कि गरीब पृष्ठभूमि के बच्चों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री 1857 के विद्रोह के जनजातीय प्रतीक राजा शंकर शाह और उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह के शहादत दिवस के अवसर पर जबलपुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

चौहान ने 100 करोड़ रुपये की लागत से आदिवासी रानी दुर्गावती के स्मारक के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि परियोजना का शिलान्यास समारोह पांच अक्टूबर को होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)