देश की खबरें | सरकार चाहती है कि बुलेटप्रूफ गाड़ी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ करूं, यह कैसे संभव है: राहुल

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और अपनी सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर शनिवार को कहा कि सरकार चाहती है कि वह बूलेटप्रूफ गाड़ी में यह यात्रा करें, लेकिन गाड़ी से पदायात्रा कैसे संभव हो सकती है।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि उनके और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के लिए सुरक्षा संबंधी प्रोटोकॉल अलग-अलग हैं।

राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं भारत जोड़ो यात्रा कर रहा हूं। सरकार चाहती है कि मैं बूलेटप्रूफ गाड़ी में यात्रा करूं। यह तो मेरे लिए स्वीकार्य नहीं है। यह पदयात्रा है। आप बताइए कि मैं बूलेटप्रूफ गाड़ी में कैसे यात्रा करूंगा।।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा वरिष्ठ नेता जब बूलेटप्रूफ गाड़ी से बाहर आ जाते हैं तो कोई चिट्ठी नहीं जाती। उनके नेताओं ने रोडशो किए, खुली जीप में घूमे। उनके लिए प्रोटोकॉल अलग, मेरे लिए अलग है।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘शायद ये मामला बना रहे हैं कि राहुल गांधी सुरक्षा (के प्रोटोकॉल) तोड़ता रहता है। ठीक है बनाइए।’’

सरकारी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा था कि राहुल गांधी के लिए निर्धारित दिशानिर्देशों के तहत सुरक्षा के ‘‘पूर्ण’’ इंतजाम किए गए थे, हालांकि उन्होंने स्वयं कई मौकों पर दिशानिर्देशों का ‘‘उल्लंघन’’ किया।

कांग्रेस की ओर से, राष्ट्रीय राजधानी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कथित सुरक्षा चूक की शिकायत करने के एक दिन बाद सरकारी अधिकारियों ने यह बयान दिया।

कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को बुधवार को लिखे एक पत्र में राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक होने का दावा करते हुए, यात्रा में हिस्सा लेने वाले गांधी और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया था।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)