उदलगुड़ी/माजुली/जोनाई (असम), 22 मार्च केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हस्ताक्षरित बोडो समझौते की सभी प्रावधानों को ढाई साल के भीतर लागू किया जाएगा।
शाह ने बोडोलैंड प्रांतीय क्षेत्र (बीटीआर) के तहत आने वाले उदलगुड़ी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद यह निर्णय लिया गया था कि सभी उग्रवादी हथियार डाल देंगे और केंद्र क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘बोडो समझौते में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रत्येक वादे को पूरा किया जाएगा और सभी खंडों को ढाई साल के भीतर लागू किया जाएगा। हम बोडो क्षेत्रों में शांति और विकास चाहते हैं।’’
शाह ने कहा कि युवाओं को ‘‘बंदूक उठाने की बजाय विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए कंप्यूटर का उपयोग करना चाहिए और हथगोले का उपयोग करने के बजाय राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा से असम के विकास और बोडोलैंड प्रांतीय क्षेत्र के बारे में चिंतित रहते हैं और ‘‘यह उनकी पहल के कारण है कि क्षेत्र में शांति बनी हुई है। कांग्रेस शासन के दौरान बोडोलैंड में हिंसा में पांच हजार से अधिक लोग मारे गए थे, लेकिन कांग्रेस नेता ‘‘राजनीति की रोटी सेंकते रहे’’।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस, हग्रामा मोहिलरी के नेतृत्व वाला बोडो पीपुल्स फ्रंट और एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल एकसाथ आए हैं। क्या वे क्षेत्र में शांति और विकास ला सकते हैं।’’
केंद्र ने पहले ही 5000 करोड़ रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की है और इसमें से 750 करोड़ रुपये पहले ही बीटीआर के लिए 65 योजनाओं के लिए मंजूर किए जा चुके हैं, जबकि आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं में से अब तक प्रत्येक को 4.5 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। बोडो को राज्य सरकार द्वारा सहयोगी घोषित किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY