नयी दिल्ली, 26 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और बिजली तथा पानी के कनेक्शन जैसी सरकारी योजनाओं ने गरीबों को सुरक्षा का अहसास कराया, जिससे अब देश के विकास को गति मिल रही है।
मोदी ने यहां ‘रिपब्लिक समिट’ को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग उनसे नाराज हैं, क्योंकि उन्होंने उनके लिए भ्रष्टाचार करने और पैसे कमाने के रास्ते बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एकीकृत और संस्थागत दृष्टिकोण अपनाया और कोई आधी अधूरी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग मुझे (इसके लिए) गाली देने के लिए मजबूर हैं।’’
उन्होंने कहा कि डीबीटी जैसी योजनाओं और गरीबों को बिजली, पानी, शौचालय तक पहुंच सुनिश्चित करने वाली योजनाओं ने जमीनी स्तर पर एक क्रांति ला दी है और गरीब से गरीब व्यक्ति को भी सुरक्षा और सम्मान की भावना से भर दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जिन लोगों को यह विश्वास कराया गया था कि वे देश के विकास पर बोझ हैं, वे आज विकास की नई गाथा लिख रहे हैं।’’
मोदी ने कहा कि जब जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई तो कई लोगों ने उनकी सरकार का मजाक उड़ाया, लेकिन इन्हीं योजनाओं से देश का विकास हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘गरीब लोगों को अब विश्वास हो गया है कि उन्हें उनका हक मिलेगा, यह सही मायनों में सामाजिक न्याय है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY