नयी दिल्ली, 17 जुलाई सरकार की मध्य प्रदेश में अगले तीन महीने में 5 से 6 खनिज ब्लॉक की नीलामी की योजना है। इसमें लौह अयस्क और बॉक्साइट खदान शामिल हैं।
सरकार ने हाल में 11 ब्लॉक को बिक्री के लिये रखा था। लेकिन उसमें से पांच ब्लॉक के लिये ही निवेशकों ने रूचि दिखायी। बोलीदाताओं ने छह ब्लॉक में कोई रूचि नहीं दिखायी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘छह ब्लॉक के लिये किसी ने बोली नहीं लगाई क्योंकि वे वाणिज्यिक रूप से व्यवहारिक नहीं है और उनका बहुत अच्छा बाजार मूल्य नहीं है।’’
उसने कहा कि मध्य प्रदेश में इसमें दो बॉक्साइट खदान, एक लौह अयस्क और एक रॉक फास्फेट खदान है। इन खदानों की नीलामी तीन महीने में की जा सकती है।
इससे पहले, राज्य में 2016-17 में एक खनिज ब्लॉक, 2018-19 में पांच और पिछले वित्त वर्ष में दो ब्लॉक की नीलामी हुई थी।
इन आठ ब्लॉक में से तीन चूना पत्थर खदान, दो ग्रेफाइट ओर दो हीरा और एक लौह अयस्क ब्लॉक था।
केंद्र ने पिछले महीने खनिज संसाधन वाले राज्यों से पायलट आधार पर सभी प्रकार की मंजूरी के साथ नीलामी के लिये कम-से-कम पांच-पांच नई खनन परियोजना की पहचान करने को कहा था। इसका मकसद बिक्री प्रक्रिया और परिचालन में तेजी लाना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY