देश की खबरें | गूगल ने भारतीय मूल की अमेरिकी कलाकार जरीना हाशमी के 86वें जन्म दिन पर डूडल बनाकर श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 16 जुलाई सर्च इंजन गूगल ने भारतीय मूल की अमेरिकी कलाकार और ‘प्रिंटमेकर’ जरीना हाशमी के 86वें जन्म दिन पर रविवार को एक विशेष ‘‘डूडल’’ के जरिये उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 1937 में आज ही के दिन जन्मीं जरीना के परिवार को देश के विभाजन के दौरान कराची (पाकिस्तान) पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

गूगल ने डूडल के विवरण में कहा, "आज का डूडल भारतीय मूल की अमेरिकी कलाकार और प्रिंटमेकर जरीना हाशमी को उनके जन्म दिवस पर श्रद्धांजलि देता है।"

प्रिंटमेकर एक ऐसा व्यक्ति होता है जो प्रिंट बनाता है। वह इस क्षेत्र में मूल रूप से एक शिल्पकार होता है।

गूगल के अनुसार, हाशमी ने 21 साल की उम्र में विदेश सेवा के एक राजनयिक से शादी की और दुनिया की यात्रा शुरू की।

इसके अनुसार, हाशमी ने बैंकॉक, पेरिस और जापान में समय बिताया, जहां वह ‘प्रिंटमेकिंग’ और आधुनिकतावाद जैसे कला आंदोलनों में शामिल हुईं।

हाशमी का अल्जाइमर रोग के कारण 25 अप्रैल, 2020 को लंदन में निधन हो गया। वह 83 वर्ष की थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)