देश की खबरें | मुंबई से भोपाल भेजा जा रहा 2.44 करोड़ रुपये का सोना पकड़ा गया, तीन तस्कर गिरफ्तार

इंदौर (मध्य प्रदेश), पांच जुलाई राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने इंदौर में तस्करी का 2.44 करोड़ रुपये मूल्य का पांच किलोग्राम सोना पकड़ा है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। डीआरआई की सोमवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक मुखबिर की पक्की सूचना पर इंदौर-भोपाल मार्ग पर मांगलिया क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक कार को रोककर तलाशी ली गई, तो इसमें कुल पांच किलोग्राम वजन वाले सोने के आठ बिस्किट मिले।

विज्ञप्ति में बताया गया कि सोने की इस अवैध खेप को कार में खास जगह बना कर छिपाया गया था। यह खेप मुंबई से भोपाल ले जाई जा रही थी।

विज्ञप्ति के मुताबिक कार में सवार तीन लोगों ने सोने की तस्करी में अपनी भूमिका कबूल की और उन्हें सीमा शुल्क (कस्टम) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि उन्होंने मुंबई में 2.2 करोड़ रुपये की नकदी के बदले एक व्यक्ति से सोने की अवैध खेप ली थी।

विज्ञप्ति में बताया गया कि तस्करी में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए मुंबई और भोपाल में डीआरआई का अभियान जारी है। सोने की खेप के साथ ही इसकी तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)