देश की खबरें | गोवा: ‘सेल्फी’ लेने के लिए नये जुआरी पुल पर उमड़ी भीड़, बगल के पुराने पुल पर यातायात हुआ अवरूद्ध

पणजी, 27 दिसंबर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा 29 दिसंबर को गोवा के नये जुआरी पुल का उद्घाटन किये जाने से पहले सोमवार को सैकड़ों लोग ‘सेल्फी’ लेने के लिए उस पर उमड़ पड़े, जबकि इसके समानांतर स्थित पुराने पुल पर यातायात अवरूद्ध हो गया।

यात्रियों को डैबोलिम हवाई अड्डा ले जा रही गाड़ियों सहित काफी संख्या में वाहन सोमवार शाम पुराने पुल पर जाम में फंस गये, जहां तीन घंटे से अधिक समय के लिए यातायात थम गया था।

वहीं, सैकड़ों की संख्या में लोग उसी समय नये जुआरी पुल पर सेल्फी(मोबाइल फोन से अपनी तस्वीर) लेने और ‘केबल पुल’ का अनुभव लेने के लिए उस पर उमड़ पड़ें। स्थानीय कलाकारों को भी उस पर अपने बैंड के साथ गीत गाते देखा गया।

नये पुल को देखने आने वाले लोगों में गोवा के एनआरआई (प्रवासी भारतीय) आयुक्त नरेंद्र सवाइकर भी शामिल थे।

सवाइकर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ शानदार, विहंगम दृश्य वाले न्यू जुआरी ब्रिज गया जिसका 29 दिसंबर को उद्घाटन होना है। इसे माननीय नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी के नेतृत्व के तहत दिवंगत मनोहरभाई पर्रिकर द्वारा उपहार में दिया गया था।’’

जुआरी पुल उत्तरी और दक्षिणी गोवा के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क प्रदान करता है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लाखों लोग नववर्ष मनाने के लिए तटीय राज्य में पहुंचे हैं, जिससे सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई और स्थिति बिगड़ गई।

उन्होंने कहा, ‘‘ट्रैफिक जाम दोपहर में शुरू हुआ और देर रात तक रहा। कुछ कार शाम सात बजे जाम में फंसी और रात 11 बजे तक इससे निकलने के लिए मशक्कत करती रहीं। हजारों की संख्या में वाहन पुराने जुआरी पुल और इससे जुड़ी सड़कों पर नजर आये।’’

यातायात की इस बुरी स्थिति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक वेंजी वैगास ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘1983 में यात्रियों को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब कांग्रेस नीत गोवा सरकार ने पहले जुआरी पुल का उद्घाटन कराने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का इंतजार किया था। भाजपा की गोवा इकाई और नये जुआरी पुल के साथ इतिहास ने खुद को दोहराया है।’’

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घोषणा की थी कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 29 दिसंबर को नये पुल का उद्घाटन करेंगे।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के महासचिव दुर्गादास कामत ने मंगलवार को एक ट्वीट में कहा कि यहां तक कि बिजली कनेक्शन से चलने वाली चाय की एक दुकान भी नये पुल पर खोल दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)