देश की खबरें | भू-राजनीतिक घटनाक्रम, कंपनियों के नतीजे इस सप्ताह बाजार को देंगे दिशा: विश्लेषक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान के बीच भू-राजनीतिक तनाव, कंपनियों के तिमाही नतीजे और व्यापक आंकड़े इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विशेषज्ञों ने यह राय जाहिर की।
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल भारत और पाकिस्तान के बीच भू-राजनीतिक तनाव, कंपनियों के तिमाही नतीजे और व्यापक आंकड़े इस सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विशेषज्ञों ने यह राय जाहिर की।
शेयर बाजार बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर बंद रहेंगे।
विशेषज्ञों ने कहा कि विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियां और वैश्विक रुझान भी बाजार को प्रभावित करेंगे। विदेशी निवेशकों ने पिछले सप्ताह भारतीय बाजारों में लगातार लिवाली की।
उन्होंने कहा कि शुल्क से संबंधित घटनाक्रम पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।
जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण पिछले दो सत्रों में शेयर बाजारों में मुनाफावसूली देखी गई।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ''आगामी सप्ताह में वाहनों की मासिक ब्रिकी के आंकड़ों पर कारोबारियों की नजर रहेगी। व्यापक आर्थिक मोर्चे पर निवेशक औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) और एचएसबीसी विनिर्माण पीएमआई आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे।''
उन्होंने कहा कि इस बीच, भारत और पाकिस्तान के बीच भू-राजनीतिक घटनाक्रम भी बाजार की चाल को प्रभावित कर सकता है।
इस सप्ताह बीपीसीएल, आईओसी, बजाज फाइनेंस, टीवीएस मोटर और अल्ट्राटेक सीमेंट सहित कई प्रमुख कंपनियां अपने तिमाही परिणाम जारी करेंगी।
पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 659.33 अंक या 0.83 प्रतिशत चढ़ा और एनएसई निफ्टी 187.7 अंक या 0.78 प्रतिशत बढ़ने में कामयाब रहा।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ''भारत और पाकिस्तान के बीच भू-राजनीतिक घटनाक्रम अगले कुछ दिनों में भारतीय बाजार में अस्थिरता बढ़ा सकते हैं। इस बीच, चौथी तिमाही की आय घोषणाओं के मद्देनजर बाजार मे हलचल जारी रहेगी।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2025 10:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

