नयी दिल्ली, नौ दिसंबर शिवसेना के नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत लोगों के मन में संदेह पैदा करती है।
राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि जनरल रावत ने हाल के दिनों में चीन और पाकिस्तान के खिलाफ देश की सैन्य प्रतिक्रिया तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी।
उन्होंने पूछा, ''इसलिए, जब ऐसी दुर्घटना होती है तो लोगों के मन में संदेह पैदा होता है।''
राउत ने कहा कि जनरल रावत को ले जाने वाला हेलीकॉप्टर दो इंजनों द्वारा संचालित एक आधुनिक हेलीकॉप्टर था।
उन्होंने पूछा, ''हम सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण का दावा करते हैं तो ऐसा कैसे हो सकता है?''
राउत ने दावा किया कि इस दुर्घटना से पूरा देश और नेतृत्व भ्रमित हो सकता है, और रक्षा मंत्री या प्रधानमंत्री को सभी संदेह को दूर करना चाहिए।
शिवसेना नेता ने यह भी कहा कि जनरल रावत ने पुलवामा हमले के बाद भारत द्वारा किए गए हवाई हमलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका और सशस्त्र बलों के 11 अन्य कर्मियों की बुधवार को तमिलनाडु में कुन्नूर के निकट सैन्य हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मौत हो गई थी। वायुसेना ने इस बात की जानकारी दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY