देश की खबरें | गहलोत ने भरतपुर के पूर्व शासक सूरजमल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

जयपुर, 25 दिसंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर के पूर्व शासक सूरजमल को रविवार को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें महान योद्धा और उत्कृष्ट कूटनीतिज्ञ बताया।

गहलोत भरतपुर में महारानी श्री जया महाविद्यालय मैदान भी गये, जहां सूरजमल के जीवन को दर्शाने वाली रेत से उकेरी गई कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भरतपुर के संस्थापक महाराजा सूरजमल एक महान योद्धा और युद्ध में निपुण होने के साथ-साथ एक उत्कृष्ट कूटनीतिज्ञ भी थे। इसी कारण भरतपुर रियासत हमेशा मुगलों और अंग्रेजों से एक कदम आगे रही और लोहागढ़ का किला अजेय रहा।’’

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने के लिए ऐसे महापुरुषों के जीवन से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की कोई जाति या धर्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनके लिए सभी समुदाय और धर्म समान हैं।

गहलोत ने अपनी सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरे देश में एक ‘मॉडल’ के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पुरानी पेंशन योजना की देशभर में चर्चा हो रही है।’’

गहलोत ने अपने भरतपुर दौरे के दौरान नदबई विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)