देश की खबरें | गौतमबुद्ध नगर : किशोरी से बलात्कार के आरोप में सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

नोएडा(उप्र), 29 मई गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा सेक्टर-126 थाने की पुलिस ने एक किशोरी से कथित दुष्कर्म करने के आरोप में रविवार को एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि सेक्टर-128 स्थित एक सोसाइटी में काम करने वाली किशोरी और उसकी मां को मकान मालिक की शिकायत पर चोरी के आरोप में पुलिस ने कुछ दिन पूर्व गिरफ्तार किया था।

उन्होंने बताया कि किशोरी को गाजियाबाद के राजकीय संप्रेक्षण गृह में रखा गया था।

अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि किशोरी की तबीयत खराब होने पर उसे गाजियाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

उन्होंने बताया कि जब किशोरी की चिकित्सा जांच कराई गई तो पता चला कि वह गर्भवती है।

किशोरी ने पलिस के समक्ष दिए बयान में बताया कि वह जिस सोसाइटी में काम करती थी, वहां के सुरक्षा गार्ड नीरज ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी नीरज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)