नयी दिल्ली, छह अगस्त बांग्लादेश में बिगड़े हालात के बीच भारतीय निर्यातकों का मानना है कि मौजूदा हालात में परिधान विनिर्माण के ऑर्डर अल्पावधि में बांग्लादेश से भारत का रुख कर सकते हैं।
हालांकि, भारतीय निर्यातकों ने कहा कि उनका मित्र पड़ोसी देश में पैदा हुई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति का फायदा उठाने का कोई इरादा या इच्छा नहीं है।
बांग्लादेश परिधानों के विनिर्माण में दुनिया के प्रमुख देशों में से एक है। यह परिधान बनाने के लिए भारत से बड़े पैमाने पर कपास का आयात करता है।
हालांकि, बांग्लादेश इस समय आंतरिक अशांति और अव्यवस्था की स्थिति से गुजर रहा है। छात्रों का आंदोलन बेकाबू हो जाने की वजह से प्रधानमंत्री शेख हसीना को सोमवार को पद से इस्तीफा देने के साथ देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। विरोध प्रदर्शनों में 400 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
परिधान निर्यात संवर्द्धन परिषद (एईपीसी) के महासचिव मिथिलेश्वर ठाकुर ने कहा कि बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति सभी निर्यातकों के लिए बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि स्थिति जल्द स्थिर हो जाए और सामान्य कारोबार दोबारा शुरू हो।’’
ठाकुर ने कहा, ‘‘इस स्थिति का फायदा उठाने का कोई इरादा नहीं है। भारतीय परिधान उद्योग अपनी काबिलियत के दम पर रेडिमेड कपड़ों का निर्यात बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है। हालांकि, इसकी काफी संभावना है कि अल्पावधि में परिधान ऑर्डर भारत में स्थानांतरित हो सकते हैं और भारतीय परिधान उद्योग को इस गंभीर व्यवधान के कारण पैदा हुए अंतर को भरने के लिए कहा जा सकता है।’’
लुधियाना स्थित निर्यातक एस सी रल्हन ने कहा कि पड़ोसी देश में राजनीतिक संकट समय पर भुगतान को प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि स्थिति के सामान्य होने से माल की सुचारू आवाजाही में मदद मिलेगी।
रल्हन ने कहा कि बांग्लादेश में विनिर्माण इकाइयां संचालित करने वाली भारतीय कंपनियों को भी इसका असर झेलना पड़ेगा। इसके अलावा समय पर भुगतान का दबाव भी होगा।
बांग्लादेश को भारत का निर्यात 2023-24 में घटकर 11 अरब डॉलर रह गया, जो 2022-23 में 12.21 अरब डॉलर था। पिछले वित्त वर्ष में आयात भी घटकर 1.84 अरब डॉलर हो गया जो 2022-23 में दो अरब डॉलर था।
भारत बांग्लादेश को मुख्य रूप से सब्जियां, कॉफी, चाय, मसाले, चीनी, कन्फेक्शनरी, रिफाइंड पेट्रोलियम तेल, रसायन, कपास, लोहा एवं इस्पात और वाहनों का निर्यात करता है जबकि मछली, प्लास्टिक, चमड़ा और परिधान का आयात करता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY