कोलकाता, दो जनवरी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को शनिवार को ‘हल्का’ दिल का दौरा पड़ा और शहर के अस्पताल में उनकी ‘प्रारंभिक एंजियोप्लास्टी’ हुई । एक डॉक्टर ने यह जानकारी दी।
इस 48 साल के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर की हालत स्थिर है।
वुडलैंड्स अस्पताल के डॉक्टर सरोज मंडल ने बताया कि प्रारंभिक एंजियोप्लास्टी में धमनियों में आए अवरोध का उपचार किया जाता है जिससे ही हृदय की ओर जाने वाले रक्त के प्रवाह में सुधार हो। उनकी तीन धमनियों में अवरोध पाया गया जिसे हटाने के लिये स्टेंट दिया गया ।
उन्होंने बताया कि और स्टेंट देने के बारे में बाद में उनकी हालत देखकर फैसला लिया जायेगा ।
मंडल ने कहा ,‘‘ अगले कुछ दिन उनकी हालत पर कड़ी नजर रखी जायेगी । आगे क्या करना है, यह उनकी हालत देखकर ही तय होगा । उनके बाकी सभी अंग दुरूस्त हैं और उन्हें अगले तीन चार दिन अस्पताल में रहना होगा ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें एक्यूट मायोकार्डियल इनफारक्शन (एमआई) है लेकिन उनकी हालत स्थिर है। उनके दिल में तीन ब्लॉक पाये गए । उन्हें दोहरी एंटी प्लेटलेट्स और स्टेटिन दिया गया है।’’
मंडल ने कहा ,‘‘ उनकी प्रारंभिक एंजियेप्लास्टी हुई है और अब वह जाग चुके हैं । उनकी हालत स्थिर है । ’’
मायोकार्डियल इनफारक्शन (एमआई) को सामान्य में दिल का दौरा कहा जाता है जब दिल के किसी हिस्से में रक्त प्रवाह कम हो जाता है या रुक जाता है। इससे दिल की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY