जरुरी जानकारी | गडकरी का वालमार्ट से खादी उत्पादों को वैश्विक बाजार तक ले जाने का आह्वान

नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) मंत्री नितिन गडकरी ने वैश्विक खुदरा कंपनी वालमार्ट से खादी और ग्रामोद्योग के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया ताकि खादी के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक ले जाया जा सके।

उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र को देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में अहम योगदान करने वाला बताया। साथ इसे बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने वाला क्षेत्र बताया।

यह भी पढ़े | गुजराती फिल्म स्टार और पूर्व भाजपा विधायक नरेश कनोडिया का कोरोना से निधन.

गडकरी ने यहां एक वर्चुअल कार्यक्रम में कहा, ‘‘ खादी ग्रामोद्योग के पास बहुत अच्छे उत्पाद हैं। हम खादी की डेनिम (जींस का कपड़ा) बना रहे हैं। उत्पाद की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय स्तर की है। मेरा आप (वालमार्ट) से अनुरोध है कि क्या आप खादी ग्रामोद्योग को अवसर प्रदान कर सकते हैं। मेरा मानना है कि यह वालमार्ट के लिए भी उल्लेखनीय सामग्री होगी।’’

एमएसएमई मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह करीब 11 करोड़ लोगों को रोजगार देता है और देश की आर्थिक वृद्धि का इंजन है। सरकार ने भी क्षेत्र पर कोविड-19 के असर को कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं।

यह भी पढ़े | देश की खबरें | ‘मनुस्मृति’ विवाद : पुलिस ने भाजपा नेता खुशबू सुंदर को हिरासत में लिया.

खुदरा कंपनी वालमार्ट ने पिछले साल दिसंबर में देशभर में 25 प्रशिक्षण संकुल शुरू करने की बात कही थी। इसके तहत अगले पांच साल में 50,000 छोटी इकाइयों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। कंपनी ने इस कार्यक्रम को ‘वालमार्ट वृद्धि आपूर्तिकर्ता विकास कार्यक्रम’ नाम दिया है।

गडकरी मंगलवार को पानीपत, सोनीपत और कोंडली विनिर्माण संकुल क्षेत्र में इस तरह के प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत के अवसर पर बोल रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)