विदेश की खबरें | गैबॉन के बागी सैन्य अधिकारियों का दावा- राष्ट्रपति ओंडिम्बा को अपदस्थ किया गया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

ओंडिम्बा के राष्ट्रपति चुनाव में विजयी घोषित किए जाने के कुछ घंटों के बाद ही सेना ने उनका तख्तापलट करने का दावा किया। ओंडिम्बा परिवार का गत 55 साल से तेल संसाधन से संपन्न इस देश पर शासन है।

सैन्य तख्तापलट की कोशिशों के बीच पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए राष्ट्रपति ओंडिम्बा ने जनता से इसका ‘विरोध’करने का आह्वान किया। हालांकि, जनता राजधानी की सड़कों पर उतरकर राष्ट्रगान गाते हुए उन्हें अपदस्थ करने की खुशी मनाती दिखी।

ओंडिम्बा के परिवार पर देश की संसाधन संपदा से अमीर बनने का आरोप है जबकि देश के कई नागरिक मूलभूत संसाधनों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने राष्ट्रपति चुनाव की आलोचना की थी जिसके परिणाम में ओंडिम्बा को विजयी घोषित किया गया था और नतीजे आने के कुछ घंटों बाद ही सेना द्वारा तख्तापलट का प्रयास किया गया।

चुनाव परिणाम की घोषणा के कुछ ही मिनटों के भीतर, राजधानी लिबरेविले के मुख्य हिस्से में गोलियों की आवाज़ सुनी गई। बाद में, एक दर्जन वर्दीधारी सैनिक सरकारी टेलीविजन पर आये और घोषणा की कि उन्होंने सत्ता पर कब्ज कर लिया है।

सेना की घोषणा के बाद लोग शहर की सड़कों पर उतर गए और उन्होंने ओंडिम्बा शासन की समाप्ति का जश्न सैनिकों के साथ राष्ट्रगान गाकर मनाया।

गैबॉन के एलीट रिपब्लिकन गार्ड के सैनिकों के सामने खड़े योल्लांदे ओकोमा ने कहा, ‘‘धन्यवाद सेना। इस क्षण का हम लंबे समय से इंतजार कर रहे थे जो अब आया है।’’

दुकानदार विवियेन म्बोउ ने सैनिकों को जूस की पेशकश की जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया।

बाद में ओंडिम्बा एक वीडियो में नजर आए जिसमें वह जनता से समर्थन की गुहार लगाते दिख रहे हैं। वीडियो में वह कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं और उनके पीछे किताबों की अलमारी है। ओंडिम्बा ने कहा कि वह अपने आवास पर हैं जबकि उनकी पत्नी और बेटा अलग-अलग स्थानों पर हैं।

वीडियो में ओंडिम्बा कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘‘आपसे विरोध का आह्वान करता हूं, विरोध कीजिए।’’ उक्त वीडियो बीटीपी एडवाइजर्स ने एसोसिएटेड प्रेस से साझा किया है। बीटीपी एडवाइजर्स ने चुनाव के दौरान राष्ट्रपति के प्रचार अभियान में मदद की थी।

वीरिस्क मैपलक्रोफ्ट के वरिष्ठ विश्लेषक माजा बोवोकॉन ने कहा कि बोंगो परिवार को लेकर सालों से असंतोष था और तख्तापलट की कोशिश हतप्रभ करने वाली नहीं है।

गैबॉन तेल निर्यातक देशों के संगठन ओपेक का सदस्य है और रोजाना 1,81,000 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन करता है लेकिन उसकी 20 लाख आबादी बेरोजगारी और महंगाई का सामना कर रही है।

गैबॉन में काम करने वाली कई फ्रांसीसी कंपनियों ने कहा कि वे यहां पर अपना परिचालन बंद कर रही हैं और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित का रही हैं। हवाई अड्डे पर फोन करने पर एक कर्मचारी ने बताया कि बुधवार को उड़ानें रद्द हैं।

निजी खुफिया एजेंसी एम्ब्रे ने कहा कि देश के मुख्य बंदरगाह लिबरेविले पर पोतों का परिचालन रोक दिया गया है और अधिकारी पोत को तट छोड़ने की अनुमति नहीं दे रहे हैं।

तख्तापलट करने वाले सैन्य अधिकारियों ने दूसरे बयान में कहा कि राष्ट्रपति अपने आवास में नजरबंद हैं और परिवार और डॉक्टरों के साथ हैं।

सेना ने कहा कि राष्ट्रपति के करीबियों को ‘‘राज्य संस्थानों के साथ बड़े विश्वासघात, सार्वजनिक धन के बड़े पैमाने पर गबन (और) अंतरराष्ट्रीय वित्तीय गबन’’ के अलावा अन्य आरोपों के लिए गिरफ्तार किया गया है।

राष्ट्रपति की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

फ्रांसीसी मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार, बोंगो परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ फ्रांस में जांच चल रही है, और कुछ पर गबन, धनशोधन और भ्रष्टाचार के अन्य रूपों के प्रारंभिक आरोप तय किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)