देश की खबरें | जी20 शिखर सम्मेलन : चिकित्सा की आपात स्थिति से निपटेंगे डॉक्टरों के 80 दल व 130 एम्बुलेंस

नयी दिल्ली, 25 अगस्त राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान चिकित्सा से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 130 एम्बुलेंस और 80 डॉक्टरों के दल को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राजनिवास के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने बृहस्पतिवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि 9-10 सितंबर को होने वाले शिखर सम्मेलन की तैयारियों के लिहाज से अगले सात दिन बहुत महत्वपूर्ण हैं।

बैठक में अधिकारियों ने उपराज्यपाल को आश्वस्त किया कि आतंकवाद, परमाणु, जैविक और रासायनिक हमले जैसे किसी भी प्रकार के खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा का पुख्ता ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सामान्य कानून-व्यवस्था और अन्य स्थितियों से निपटने के लिए भी पूरी तैयारी है।

उपराज्यपाल को सूचित किया गया कि पालम तकनीकी क्षेत्र, होटलों और शिखर सम्मेलन स्थल से शुरू होने वाली विभिन्न सड़कों और मार्गों पर सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी देशों के झंडे और जी-20 का लोगो लगाने के लिए काम शुरू हो चुका है।

इस काम के लिए अठारह स्थानों की पहचान की गई है और इसमें और दो जगह जोड़े जाने की संभावना है। 43 जगह झंडे लगाए जाने हैं।

उन्होंने बताया कि कुल 66 दमकल गाड़ियों को सम्मेलन स्थल प्रगति मैदान और तय होटलों के पास तैयार रखा जाएगा।

अगले सप्ताह तक सड़कों और मार्गों पर सभी साइन बोर्ड लग जाएंगे। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

बैठक में अधिकारियों ने उपराज्यपाल को बताया कि सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशुओं और कुत्तों से भी उचित तरीके से निपटा जाएगा और पुलिस तथा स्थानीय निकाय इस काम को कर रहे हैं।

चिकित्सा संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों को पूरी तरह तैयार रखा गया है। प्रत्येक अस्पताल में प्रशिक्षित मेडिकल कर्मियों के तीन दलों के साथ डॉक्टरों के कुल 80 दल हैं। आयोजन के लिए कुल 70 उन्नत और उपकरणों से युक्त 60 एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी।

अग्निशमन विभाग को निर्देश दिया गया है कि दमकल गाड़ियों को निर्धारित होटलों में ही खड़ा किया जाए। उपराज्यपाल ने निर्देश दिया कि होटलों में अग्नि सुरक्षा का ऑडिट प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)